
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। जनपद झांसी के विकासखंड बामौर अंतर्गत ग्राम नागर के छेंछ नदी घाट पर गंगा उत्सव-2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नदियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, स्वच्छता का संदेश देना और गंगा जैसी जीवनदायिनी नदी के प्रति श्रद्धा एवं संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष नगर पंचायत गरौठा डॉ. अरुण मिश्रा तथा प्रभागीय वनाधिकारी श्री नीरज कुमार आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और मां गंगा की आरती के साथ किया। वातावरण में भक्ति और उत्साह का संचार उस समय और अधिक हो गया जब स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन संध्या और गंगा महिमा पर आधारित गीत प्रस्तुत किए गए। पूरा घाट “हर हर गंगे” के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर शासकीय कन्या इंटर कॉलेज बरुआसागर एवं सूरजप्रसाद कन्या इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में प्रतिभा प्रदर्शन किया। बच्चों ने गंगा को स्वच्छ रखने और प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया। घाट पर सुंदर रंगोली बनाकर भी गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अरुण मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा- गंगा हमारी धरोहर है, इसका संरक्षण हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने जनसमुदाय से छेंछ नदी को स्वच्छ रखने की शपथ लेने की अपील की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी प्राकृतिक धरोहरों के प्रति जागरूक बनाते हैं। प्रभागीय वनाधिकारी श्री नीरज कुमार आर्य ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय जीवन रेखा है। उन्होंने बताया कि इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य गंगा संरक्षण के साथ-साथ जनमानस में पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर घाट परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। भजन संध्या के दौरान कलाकारों ने गंगा की महिमा, स्वच्छता और पर्यावरणीय संतुलन पर केंद्रित गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी श्री आयुष रवींद्र भारती, क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री अवधेश प्रताप बुंदेला, ग्राम प्रधान श्री अनुज द्विवेदी, प्रधानाचार्य श्रीमती मानसी आर्य तथा श्रीमती निधि चौहान सहित बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं अध्यापकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम प्रधान अनुज द्विवेदी ने किया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। गंगा उत्सव-2025 ने झांसी जनपद में गंगा, आस्था, और पर्यावरणीय एकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया, जिसने यह संदेश दिया कि गंगा केवल नदी नहीं, हमारी संस्कृति, हमारी आत्मा और हमारी साझा जिम्मेदारी है।




