
मुंबई। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले पुणे निवासी संतोष जगदाले की बेटी आसावरी जगदाले को सरकारी सेवा में शामिल करने के निर्देश उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को पुणे महानगरपालिका आयुक्त को दिए हैं। पहलगाम हमले के बाद पीड़ित परिवारों को सहारा देने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुणे में जगदाले परिवार से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने संतोष जगदाले की पत्नी प्रगति जगदाले और बेटी आसावरी जगदाले को सांत्वना दी थी तथा परिवार को आर्थिक संबल देने के लिए आसावरी को सरकारी सेवा में शामिल करने का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने पुणे मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम से दूरभाष पर चर्चा कर आसावरी को बुलाकर उससे बातचीत करने और उसकी शिक्षा के अनुरूप महानगरपालिका में पद सृजित कर नौकरी देने के निर्देश दिए।उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय शासन की सहानुभूतिपूर्ण भूमिका के तहत विशेष मामले के रूप में लिया जा रहा है और नियुक्ति को मंजूरी दी जाएगी। इसके अनुसार जल्द ही आसावरी जगदाले को सरकारी सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।




