
मुंबई। मुंबईकरों के लिए राहत भरी खबर है- देश की पहली ई-वॉटर टैक्सी सेवा जल्द ही मुंबई में शुरू होने जा रही है। इस पर्यावरण-सम्मत परियोजना का पायलट प्रोजेक्ट स्वीडन की कैंडेला कंपनी संचालित करेगी। महाराष्ट्र के मत्स्य व्यवसाय एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे ने स्वीडन के महावाणिज्य दूत स्वेन ओस्टबर्ग को इस सेवा को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
ई-वॉटर टैक्सी: यातायात का नया विकल्प
गुरुवार को मंत्रालय में मंत्री राणे ने महावाणिज्य दूत ओस्टबर्ग के साथ इस परियोजना पर चर्चा की। बैठक में ओस्टबर्ग के सलाहकार सलोनी झवेरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
मंत्री राणे ने बताया कि मुंबई की मौजूदा परिवहन प्रणाली पर अत्यधिक दबाव है, और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस परियोजना को जल्द शुरू करने के पक्ष में हैं। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा और गेटवे ऑफ इंडिया से अलीबाग के बीच ई-वॉटर टैक्सी चलाई जाएगी, जिससे यातायात का बोझ कम होगा और नागरिकों को तेज, आरामदायक और हरित परिवहन विकल्प मिलेगा।
पर्यावरण और सुरक्षा प्राथमिकता
स्वीडन की कैंडेला कंपनी के साथ हुए समझौते के अनुसार, कंपनी को यात्रियों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और किफायती किराए पर विशेष ध्यान देना होगा। वहीं, राज्य सरकार आवश्यक परमिट और अन्य अनुमतियों के लिए कंपनी को पूरा सहयोग देगी।
ससून डॉक बनेगा मॉडल पोर्ट
महावाणिज्य दूत ओस्टबर्ग ने महाराष्ट्र के बंदरगाहों के विकास में रुचि व्यक्त की। इस पर मंत्री राणे ने ससून डॉक को देश के नंबर एक मॉडल पोर्ट के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीडन की कंपनी अप्रैल में ससून डॉक का निरीक्षण कर महाराष्ट्र मैरिटाइम बोर्ड के साथ चर्चा करे और विकास के लिए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करे।




