
मुंबई। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह की रंगीन रिहर्सल शनिवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज उद्यान में संपन्न हुई। इस अवसर पर राजशिष्टाचार विभाग की उप सचिव क्रांति पाटील ने ध्वजवंदन किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) मधुकर पांडेय और विशेष पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) अभिषेक त्रिमुखे उपस्थित रहे। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (राजशिष्टाचार) की ओर से इस रंगीन रिहर्सल का आयोजन किया गया था।
रिहर्सल के दौरान आयोजित मार्चपास्ट में भारतीय नौसेना, गोवा पुलिस, राज्य रिज़र्व पुलिस बल, बृहन्मुंबई पुलिस सशस्त्र बल, दंगा नियंत्रण पथक, सशस्त्र महिला पुलिस दल, मुंबई रेलवे पुलिस, गडचिरोली और गोंदिया जिले का सी-60 पथक, होमगार्ड (पुरुष एवं महिला), बृहन्मुंबई यातायात पुलिस, राज्य उत्पाद शुल्क विभाग, वन विभाग, मुंबई अग्निशमन दल, बृहन्मुंबई महानगरपालिका सुरक्षा दल, सुरक्षा रक्षक मंडल, एनएसएस, एनसीसी (लड़के-लड़कियां), रोड सेफ्टी पेट्रोल, भारत स्काउट गाइड, स्टूडेंट पुलिस कैडेट सहित अनेक दलों ने भाग लिया। इसके साथ ही पाइप बैंड, महिला पाइप बैंड, ब्रास बैंड और अश्वदल पुलिस पथक भी आकर्षण का केंद्र रहे। भारतीय नौसेना, बृहन्मुंबई पुलिस, निर्भया पथक और अग्निशमन विभाग के वाहनों ने भी संचलन में सहभाग लिया। मार्चपास्ट का नेतृत्व नौसेना के कमांडर पंकज बघेल ने किया।
झांकियों ने बढ़ाई शोभा
रंगीन रिहर्सल में विभिन्न विभागों की झांकियां भी शामिल रहीं। इनमें अल्पसंख्यक विभाग, जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग, मराठी भाषा विभाग, ग्राम विकास एवं पंचायत राज विभाग, सहकार व वस्त्रोद्योग, सार्वजनिक स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक कार्य, आदिवासी विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण, जलसंपदा, महावितरण, शिक्षा, कौशल विकास, आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, श्रम और वन विभाग की झांकियां प्रमुख रहीं।
उत्कृष्ट संचलन पथकों का सम्मान
महाराष्ट्र राज्य के 66वें स्थापना दिवस संचलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पथकों को इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक मधुकर पांडेय के हाथों सम्मानित किया गया। सशस्त्र दलों में राज्य रिज़र्व पुलिस बल ने प्रथम और बृहन्मुंबई दंगा नियंत्रण पथक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि निशस्त्र दलों में बृहन्मुंबई यातायात पुलिस दल प्रथम स्थान पर रहा। कार्यक्रम का सूत्रसंचालन मृण्मयी भजक और पल्लवी मुजुमदार ने किया। वहीं किरण शिंदे, अरुण शिंदे, विवेक शिंदे और कु. आराध्या शिंदे ने सनई-चौघड़ा वादन से वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।



