
बीएमसी रोड अभियंता व ठेकेदार की लापरवाही से धंसी सीसी रोड
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के पश्चिम उपनगर रोड विभाग के एच/पूर्व वार्ड क्षेत्र के अभियंताओं और ठेकेदार की कथित मिलीभगत का नतीजा एक बार फिर सामने आया है। खार (पूर्व) स्थित गोलीबार रोड पर किया गया सीसी रोड निर्माण घटिया गुणवत्ता का साबित हो रहा है, जो आम नागरिकों और यातायात के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 94 में खार पूर्व स्थित गोलीबार रोड पर लगभग एक वर्ष पूर्व सीसी सड़क का निर्माण किया गया था। निर्माण के समय से ही सड़क की हालत खराब होने लगी थी, जिससे गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए थे। अब स्थिति यह है कि यह सड़क लगातार धंस रही है और दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। बुधवार को गोकुल सुपर मार्केट के सामने एक डंपर के गुजरने के दौरान सीसी रोड का एक हिस्सा अचानक जमीन में धंस गया। इस घटना से यह साफ हो गया है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का गंभीर उल्लंघन किया गया है।
गौरतलब है कि दैनिक स्वर्णिम प्रदेश ने इस सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और नियमों के दुरुपयोग को लेकर पहले ही खबर प्रकाशित की थी। इसके बावजूद न तो संबंधित उप अभियंता, न ही कार्यकारी अभियंता और न ही मुख्य अभियंता स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई की गई। नतीजतन, आज इस लापरवाही और भ्रष्टाचार का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस घटिया निर्माण की तकनीकी जांच कब होगी, और दोषी अभियंताओं व ठेकेदार पर कब कड़ी कार्रवाई की जाएगी? यदि समय रहते जांच और सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।




