
नई दिल्ली। राजधानी की रामलीलाएं देशभर में प्रसिद्ध हैं, और इनमें लालकिले स्थित रामलीला मैदान पर आयोजित होने वाली लीला का विशेष महत्व है। विजयादशमी के अवसर पर आज झमाझम बारिश के बावजूद लालकिले के मैदान में भव्य रावण दहन संपन्न हुआ। इस मौके पर राजनीति और फिल्म जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं।
राष्ट्रपति ने किया रावण दहन
लालकिले के मैदान स्थित माधव दास पार्क में श्री धार्मिक लीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने विधिवत रूप से रावण का पुतला दहन किया और दर्शकों को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि “दशहरा अच्छाई की बुराई पर विजय का पर्व है। सत्य की असत्य पर जीत और मानवता की समृद्धि का प्रतीक है। आतंकवाद जैसे दानव जब मानवता पर प्रहार करते हैं तो उनका दमन अनिवार्य हो जाता है। हाल ही में भारतीय सेना द्वारा किया गया ऑपरेशन सिंदूर इसी सत्य का प्रमाण है। भारत माता की रक्षा करने वाले सभी वीर सैनिकों को मैं नमन करती हूं।
बारिश से कार्यक्रम प्रभावित, गांधी परिवार नहीं पहुंचा
वहीं, झमाझम बारिश के चलते नव श्री धार्मिक लीला कमेटी के आयोजन में रावण दहन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को भी इस आयोजन में शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
इस मौके पर पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल ने भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक तीर चलाकर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया। भारी बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने और रामलीला कमेटी की सफलता पर बधाई दी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा- विजयदशमी का पर्व धर्म की विजय का प्रतीक है। रावण दहन हमें यह संदेश देता है कि अधर्म और अहंकार की कभी जीत नहीं होती। हम सभी भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सत्य और धर्म का पालन करें। उन्होंने दिल्लीवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं भी दीं।



