
ठाणे। ठाणे देश के युवाओं को यूनियन बजट की गहरी समझ देने और नीति-निर्माण की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माई भारत द्वारा ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ नामक राष्ट्रीय पहल आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए ठाणे जिले को देशभर के 17 चयनित डिविजनल केंद्रों में शामिल किया गया है, जबकि इसका आयोजन डॉ. डी. वाई. पाटिल कॉलेज, नवी मुंबई में किया जाएगा। इस पहल को देशभर से जबरदस्त प्रतिसाद मिला है, जिसमें करीब 12 लाख युवाओं ने प्रश्नोत्तर चरण में भाग लिया। इनमें से 1.63 लाख प्रतिभागियों ने निबंध चरण के लिए क्वालिफाई किया और 30 केंद्रीय विश्वविद्यालयों द्वारा मूल्यांकन के बाद प्रत्येक राज्य से सर्वश्रेष्ठ 27 प्रतिशत युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संवाद के लिए चुना गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। जिला कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। वर्चुअल कम्युनिकेशन सिस्टम, स्वास्थ्य सुविधाएं और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 13 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इस सत्र में पांच चयनित युवाओं को अपने विचार सीधे प्रधानमंत्री के सामने रखने का अवसर मिलेगा, जिसके बाद प्रधानमंत्री देश को संबोधित करेंगे। इसी दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ‘डेवलप्ड एग्रीकल्चर’ और ‘ह्यूमन कैपिटल: एजुकेशन एंड एम्प्लॉयमेंट’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों की उपस्थिति में सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इस पूरे कार्यक्रम के समन्वय के लिए अमित पुंडे को नियुक्त किया गया है। यह पहल युवाओं को प्रशासनिक और नीतिगत प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी का एक सशक्त मंच प्रदान करेगी।




