
मुंबई। आगामी त्योहारी सीज़न में स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल ने प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू होकर 16 मार्च, 2025 तक जारी रहेगा। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना और सूरत स्टेशनों पर लागू होगी। श्री विनीत ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों, बुजुर्गों और महिला यात्रियों की सहायता के लिए आने वालों को विशेष छूट दी गई है, जिससे उनकी यात्रा सुगम हो सके। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे त्योहारों के दौरान यात्रा की योजना पहले से बनाएँ और नए नियमों का पालन करें ताकि स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रित रह सके और सभी को सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।



