
छत्रपति संभाजीनगर। बीजेपी नेता और महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के हेलीकॉप्टर में मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी की खबर सामने आई है। पायलट ने छत्रपति संभाजीनगर से लातूर के लिए उड़ान भरने से पहले ही इस समस्या को नोटिस कर लिया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। पंकजा मुंडे महाराष्ट्र जिला परिषद चुनावों के प्रचार के सिलसिले में मराठवाड़ा दौरे पर हैं। आज उन्हें लातूर जिले में कई जगहों पर चुनावी सभाएं करनी थीं, जिसके लिए उन्हें छत्रपति संभाजीनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से रवाना होना था। जानकारी के अनुसार, जैसे ही हेलीकॉप्टर उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, उसमें तकनीकी खराबी का पता चला। सुरक्षा कारणों से उड़ान तुरंत रद्द कर दी गई। इस घटना के चलते लातूर में पंकजा मुंडे के चुनावी कार्यक्रमों का शेड्यूल बदल दिया गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई है और उम्मीद है कि वह जल्द ही रवाना होंगी। हालांकि कार्यक्रमों में कुछ देरी हुई है, लेकिन पंकजा मुंडे के कार्यालय ने पुष्टि की है कि वह सभी तय बैठकों में शामिल होंगी। उनके सुरक्षित होने की खबर से समर्थकों ने राहत की सांस ली है।




