
मुंबई। राज्य की जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर “आरोग्य संपन्न महाराष्ट्र” के निर्माण की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘पैलियेटिव केयर’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। रविवार को सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने कहा कि इस कार्यक्रम को पूरे राज्य में प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित समारोह में पैलियेटिव केयर कार्यक्रम का शुभारंभ, मेनोपॉज क्लिनिक का राज्यस्तरीय लोकार्पण, ‘वंदनीय बालासाहेब ठाकरे आरोग्यरत्न’ पुरस्कार तथा ‘महा आरोग्य सम्मान 2026’ का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर भी उपस्थित थीं। यशवंतराव चव्हाण सेंटर के मुख्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बृहन्मुंबई महानगरपालिका के उपमहापौर संजय घाडी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव ई. रविंद्रन, आयुक्त कादंबरी बलकवड़े, निदेशक डॉ. नितीन अंबाडेकर और विजय कंदेवार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
‘उपचार से आगे सरकार की संवेदनशील पहल’
स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने कहा कि ‘उपचार से आगे सरकार की संवेदनशील पहल’ की संकल्पना के तहत पैलियेटिव केयर कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य गंभीर एवं असाध्य रोगों से जूझ रहे मरीजों को दर्द नियंत्रण, मानसिक एवं सामाजिक सहयोग, पारिवारिक परामर्श, घर-घर सेवा और जीवन के अंतिम चरण में सम्मानजनक देखभाल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए शुरू किए गए मेनोपॉज क्लिनिक स्वास्थ्य सेवाओं में एक नया मानक स्थापित करेंगे। आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों से संवेदनशील संवाद ही उपचार का पहला चरण है। आने वाले समय में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देकर उनकी दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के मार्गदर्शन में राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रतिबद्ध है।
14 जनवरी से 580 स्थानों पर मेनोपॉज क्लिनिक
स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर ने बताया कि 14 जनवरी से राज्य के जिला अस्पतालों, उपजिला अस्पतालों, नगर निगम अस्पतालों तथा चयनित ग्रामीण अस्पतालों सहित कुल 580 स्थानों पर मेनोपॉज क्लिनिक शुरू किए गए हैं। इन क्लिनिकों के माध्यम से महिलाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘स्वास्थ्य का संकल्प, महाराष्ट्र का विकास’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और आशा कार्यकर्ता समर्पित भाव से कार्य करें। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कैलेंडर, जन्म-मृत्यु पंजीकरण मार्गदर्शिका सहित विभिन्न प्रकाशनों तथा आशा कार्यकर्ताओं के लिए तैयार किए गए वीडियो का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का प्रास्ताविक स्वास्थ्य विभाग के सचिव ई. रविंद्रन ने प्रस्तुत किया।




