
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार द्वारा शुरू किए गए “100 दिवसीय प्रशासनिक सुधार विशेष अभियान” के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरकारी संस्थानों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सम्मानित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य, जिला और तालुका स्तर पर कार्यालयीन कार्यप्रणाली में सुधार लाना था, जिसे प्रदेश के 12,500 से अधिक सरकारी कार्यालयों में सफलतापूर्वक लागू किया गया। इस अभियान में राज्य के 95 प्रमुख निगमों, प्राधिकरणों और सरकारी कंपनियों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें स्लम पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की। एसआरए को मिला “प्रशंसा प्रमाण पत्र” मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एकनाथ शिंदे द्वारा एसआरए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.महेंद्र कल्याणकर को सौंपा गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने एसआरए की 100 प्रतिशत भागीदारी और कार्यालयीन सुधार के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। इस अवसर पर एसआरए के उप प्रमुख अभियंता आर बी मिटकर ने कहा, यह सम्मान हमारे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमवर्क और सतत मेहनत का परिणाम है। भविष्य में भी एसआरए कार्यालय की कार्यप्रणाली में और सुधार लाने के प्रयास जारी रहेंगे। यह उपलब्धि एसआरए के लिए न केवल गर्व की बात है, बल्कि अन्य विभागों के लिए भी एक प्रेरणा है कि कैसे प्रतिबद्धता और संगठित प्रयासों से प्रशासनिक सुधार संभव है।




