
मुंबई। जीवन आनंद स्नेह संस्था की ओर से हृदय रोग एवं दंत रोग के लक्षण और उपचार विषय पर आयोजित व्याख्यानमाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. स्नेहिल मिश्रा (हिंदुजा अस्पताल) ने हृदय रोग के शुरुआती लक्षणों की पहचान और आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में सतर्क रहने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने नियमित जांच, संतुलित आहार और तनाव प्रबंधन को बेहद जरूरी बताया।वहीं दंत विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका अग्रवाल ने दंत रोगों के कारण, उपचार और आधुनिक इंप्लांट तकनीकों की जानकारी देते हुए समय-समय पर दंत जांच कराने की सलाह दी।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवींद्र वायकर ने नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने मुंबई में एम्स अस्पताल, रेलमार्ग, जलमार्ग और प्रदूषण नियंत्रण जैसे मुद्दों को संसद में उठाने और उनके समाधान के प्रयासों की जानकारी भी साझा की।इस अवसर पर प्रख्यात हास्य-व्यंग्य कवि सुरेश मिश्र ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अभय मिश्र, अखिलेश तिवारी तथा सर्जन डॉ. महिमा अग्रवाल को सम्मानित किया गया।संस्था के अध्यक्ष डॉ. एन.एन. पांडे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था के कार्यों की जानकारी दी। समारोह अध्यक्ष डॉ. श्याम अग्रवाल ने जीवन में स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया। वहीं प्रवीण सालुंखे ने इस प्रकार के आयोजन के लिए संस्था की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी अध्यक्ष विजय शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन आनंद सिंह ने किया।




