
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झाँसी, उत्तर प्रदेश। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व झाँसी मण्डल में सरकारी अस्पतालों के भवन और परिसर साफ-सुथरे एवं आकर्षक नजर आएँगे। मण्डलीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में मण्डल आयुक्त बिमल कुमार दुबे ने निर्देश दिए कि 15 अगस्त से पहले सभी चिकित्सा इकाइयों में विशेष स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान चलाया जाए, ताकि अस्पताल न केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें बल्कि अपने स्वरूप से भी सकारात्मक संदेश दें। अभियान के तहत अस्पतालों की दीवारों को चमकाया जाएगा, परिसर को सजाया-संवारा जाएगा और हर कोने की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला चिकित्सालयों की सुंदरता और सजावट की जिम्मेदारी संबंधित मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) पर होगी, जबकि सभी मुख्य चिकित्साधिकारी अपने-अपने जनपद की एक चिकित्सा इकाई का दौरा करेंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी झाँसी ने कहा कि उप एवं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अपने क्षेत्र की एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC) का व्यक्तिगत निरीक्षण करेंगे। अन्य इकाइयों की स्थिति वीडियो और फोटोग्राफ के माध्यम से जानी जाएगी, जिन्हें उसी दिन मंडलीय व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किया जाएगा। आयुक्त ने यह भी घोषणा की कि वे स्वयं 15 अगस्त को किसी एक PHC का निरीक्षण करेंगे और न केवल स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करेंगे, बल्कि आमजन से सीधा फीडबैक भी लेंगे।
मुख्य बिंदु:- स्वतंत्रता दिवस पर सभी चिकित्सालय भवन विशेष रूप से सजाए जाएंगे।
भवनों और परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और सुसज्जित रखा जाएगा।
उप/अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की एक PHC का निरीक्षण करेंगे।
अन्य इकाइयों की स्थिति वीडियो और फोटोग्राफ के माध्यम से जानी जाएगी।
CMS जिला चिकित्सालय की सुंदरता एवं स्वच्छता के लिए जिम्मेदार होंगे।




