Friday, September 5, 2025
Google search engine
HomeArchitectureराज्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 'सेवा पखवाड़ा', किसानों की...

राज्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’, किसानों की पहुंच के लिए हर खेत तक सड़क और सबके लिए आवास पहल को दिया जाएगा बढ़ावा: चंद्रशेखर बावनकुले

मुंबई। आम नागरिकों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने और उनकी समस्याओं को शीघ्र समाधान के लिए राज्य सरकार ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाने का निर्णय लिया है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से लेकर महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) तक चलेगा। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस दौरान राजस्व विभाग द्वारा नागरिकों को सीधे लाभ पहुंचाने वाले विभिन्न कार्यक्रम युद्धस्तर पर लागू किए जाएंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास खड़गे भी उपस्थित थे। राजस्व मंत्री ने बताया कि सेवा पखवाड़ा को तीन चरणों में क्रियान्वित किया जाएगा। पहले चरण (17–22 सितंबर) में ‘शिव पणंद सड़क अभियान’ के तहत हर किसान के खेत तक पहुंचने के लिए सड़क उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। शिव पणंद सड़कों का सर्वेक्षण, निस्तार पत्रक में दर्ज नहीं किए गए मार्गों को दर्ज करना, सहमति पत्र लेना, खेतों तक जाने के लिए लंबित मामलों को निपटाने हेतु सड़क अदालतों का आयोजन और सीमांकन कार्य किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र देश का पहला राज्य होगा जो हर खेत तक लगभग 12 फीट चौड़ी सड़क उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखता है। दूसरे चरण में, ‘सबके लिए आवास’ पहल को गति दी जाएगी। सितंबर के अंत तक राज्य सरकार और केंद्र सरकार के समन्वय से आवास निर्माण हेतु सरकारी भूमि का आवंटन और अतिक्रमणों का नियमों के अनुसार नियमितीकरण किया जाएगा। जिन लाभार्थियों को सरकारी भूमि आवंटित या नियमित की गई है, उन्हें इस अवधि में भूमि के अधिकार वितरित किए जाएंगे। तीसरे चरण (28 सितंबर–2 अक्टूबर) में स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टरों के माध्यम से अभिनव पहलें लागू की जाएंगी। इसमें प्रत्येक जिले की भौगोलिक स्थिति और प्राथमिकताओं के अनुसार योजनाएं बनाई जाएंगी। मंत्री बावनकुले ने नागरिकों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान दो महापुरुषों की जयंती और जन्मदिवस के बीच राष्ट्र के पुनरुत्थान की भावना से प्रेरित होकर लागू किया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अपील की कि सेवा पखवाड़ा की पवित्रता बनाए रखते हुए नागरिकों को राजस्व विभाग की सेवाएं समयबद्ध और पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments