
मुंबई। धारावी इलाके में 16 मार्च 2026 को दिन-दहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। 20 वर्षीय युवक अश्विन शिवकुमार नाडर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि इस वारदात को उसके ही परिचित आशिक आसिम अख्तर खान ने अंजाम दिया, जिसकी जड़ें पुरानी दुश्मनी और निजी जुनून से जुड़ी बताई जा रही हैं। यह दिल दहला देने वाली घटना गोपीनाथ कॉलोनी स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। घटना की बर्बरता को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पीड़ित की मां शेवंती शिवकुमार नाडर द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। उन्हें उनके देवर मुथप्पा नाडर ने सूचना दी कि अश्विन पर हमला हो रहा है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था, उसका गला रेता गया था और शरीर पर चाकू के कई गंभीर घाव थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी आशिक आसिम अख्तर खान मौके पर खड़ा था और उसके हाथ में खून से सना चाकू था। बताया जा रहा है कि वह लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा था और बेहद आक्रामक व्यवहार कर रहा था। उसकी धमकियों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे वहां से भागने लगे। इस घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।




