
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिला की सरोजिनी नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, 28,150 रुपए नकद, चोरी के गहने और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। इस कार्रवाई से कुल पांच आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर सिंह (निवासी द्वारकापुरी, सुदामा नगर, इंदौर, मध्य प्रदेश), हरमेंद्र (निवासी कच्ची बस्ती, बड़वास, उदयपुर, राजस्थान) और 39 वर्षीय मनजीत (निवासी कच्ची बस्ती, बेड़वास, पोस्ट ऑफिस देबराई, उदयपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है। 26 जनवरी की सुबह करीब 8:14 बजे सरोजिनी नगर थाने में पीसीआर कॉल मिली, जिसमें सेक्टर-13, आरके पुरम स्थित अनंत राम डेयरी के पास चाकू दिखाकर लूट की कोशिश की सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर अतुल त्यागी, एसएचओ सरोजिनी नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। एसीपी सफदरजंग एन्क्लेव की निगरानी में टीम ने तकनीकी जांच की और 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर तीनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और रोजाना 7 से 8 हजार रुपये खर्च करते थे। पैसों की कमी के चलते उन्होंने लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया। आरोपियों ने शकरपुर से एक मोटरसाइकिल चुराई और लक्ष्मी नगर से गहने चोरी किए।
गणतंत्र दिवस पर कई वारदातों की कोशिश
26 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे साउथ कैंपस के अंबेडकर पार्क के पास एक महिला से चाकू दिखाकर लूट की कोशिश की गई, लेकिन महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग गए। इसके बाद एआरडी कॉम्प्लेक्स में एक बाइक सवार को निशाना बनाया गया, जहां हेलमेट से हमला होने पर आरोपी फरार हो गए। भारी पुलिस तैनाती के कारण वे आगे की वारदात नहीं कर सके। पुलिस के मुताबिक, शेर सिंह पर पहले से 3 आपराधिक मामले, मनजीत पर 6 पुराने केस, हरमेंद्र पर 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी से सरोजिनी नगर, साउथ कैंपस, लक्ष्मी नगर और शकरपुर थाना क्षेत्रों के कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से आगे की पूछताछ कर उनके अन्य अपराधों की भी जानकारी जुटा रही है।



