
मुंबई। महाराष्ट्र में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत ने महायुति की जीत पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसे “मशीन की सेटिंग” करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनावी परिणामों को अपने पक्ष में फिट किया है। स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे सामने आने के बाद विपक्षी खेमे में असंतोष साफ नजर आ रहा है। संजय राउत ने कहा कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों और अब आए नगर निकाय चुनावों के आंकड़ों में लगभग कोई अंतर नहीं दिखता, जो संदेह पैदा करता है। उन्होंने कहा, “अगर विधानसभा के नतीजों को देखें तो मशीन वही सेट नजर आती है। राउत ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि विधानसभा चुनावों में भाजपा को करीब 120 सीटें, एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना को 57 सीटें और अजित पवार गुट की एनसीपी को 37 सीटें मिली थीं। अब नगर निकाय चुनावों में भी “नंबर वही के वही” दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अलग-अलग चुनाव, अलग-अलग स्तर और समय के बावजूद नतीजों में इतनी समानता कैसे संभव है। संजय राउत ने कहा कि लोकतंत्र में जनमत के आधार पर चुनावी परिणामों में बदलाव आना स्वाभाविक है, लेकिन यहां तो “कम से कम आंकड़े बदलने चाहिए थे।” उन्होंने इशारों में ईवीएम की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के स्थिर परिणाम यह संकेत देते हैं कि चुनावी प्रक्रिया में पर्दे के पीछे कुछ और ही खेल चल रहा है। जहां महायुति इन नतीजों को विकास कार्यों और सरकार की नीतियों की जीत बता रही है, वहीं संजय राउत के इन आरोपों से विपक्षी महाविकास आघाड़ी (एमवीए) का रुख और सख्त हो गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।




