Friday, February 21, 2025
Google search engine
HomeUncategorizedराहुल गांधी के ट्वीट पर बवाल: छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर...

राहुल गांधी के ट्वीट पर बवाल: छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर श्रद्धांजलि देने पर भाजपा और शिंदे गुट ने जताई नाराजगी

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हर साल 19 फरवरी को पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाई जाती हैं। इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। हालांकि, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक ट्वीट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
क्या कहा राहुल गांधी ने?
राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर मैं उन्हें सादर नमन करता हूं और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। अपने साहस और वीरता से उन्होंने हमें निडरता और पूरी लगन के साथ अपनी आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उनका जीवन हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उनके इस पोस्ट के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता प्रसाद लाड ने राहुल गांधी पर निशाना साधा।
एकनाथ शिंदे का पलटवार
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी ने जानबूझकर यह गलती की है। उन्होंने कहा राहुल गांधी हमेशा महाराष्ट्र के महापुरुषों का अपमान करते हैं। उन्होंने वीर सावरकर का भी अपमान किया था। अब छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर उनकी यह हरकत अस्वीकार्य है। उन्हें इस पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, चाहे स्वरा भास्कर हों, कमाल खान हों या राहुल गांधी, मैं उन सभी की निंदा करता हूं जो महापुरुषों का अपमान कर रहे हैं।
प्रसाद लाड ने की देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग
भाजपा नेता प्रसाद लाड ने भी राहुल गांधी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा राहुल गांधी के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। जब लोगों से छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देने की अपेक्षा की जाती है, तब राहुल गांधी का ‘श्रद्धांजलि’ शब्द का इस्तेमाल करना महाराष्ट्र और मराठी लोगों का अपमान है। उन्हें तुरंत अपना ट्वीट वापस लेकर माफी मांगनी चाहिए।
विपक्ष की सफाई
हालांकि, कांग्रेस ने इस विवाद पर सफाई देते हुए कहा है कि राहुल गांधी का आशय शिवाजी महाराज के गौरवपूर्ण इतिहास को नमन करने का था, न कि किसी प्रकार की असंवेदनशीलता दिखाने का। पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा और शिंदे गुट केवल राजनीतिक फायदे के लिए इस मुद्दे को तूल दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के ट्वीट को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे ‘टाइपो एरर’ बताया तो कुछ ने इसे ‘संवेदनहीनता’ करार दिया। फिलहाल, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के ट्वीट को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments