
इन्द्र यादव/पालघर। नालासोपारा रेलवे परिसर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नालासोपारा को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मोबाइल चोरी की तीन वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए। 23 फरवरी को नालासोपारा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 4 पर मोबाइल चोरी की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें यात्रियों की नजर बचाकर लगभग 52,000 रुपए मूल्य के मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में जीआरपी वसई में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ पोस्ट नालासोपारा ने विशेष टीम गठित कर प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद कॉन्स्टेबल विनोद कुमार, कृष्ण कुमार तथा एमएसएफ जवान पारस और कपिल ने स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। एएसआई भानु प्रताप सिंह की सघन पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोशिम मोजिद मोल्ला (24 वर्ष), निवासी नागपाड़ा, मुंबई के रूप में हुई है। आरोपी के पास से चोरी के तीनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए जीआरपी वसई को सौंप दिया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्लेटफॉर्म पर अपने मोबाइल व कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।




