Monday, March 16, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedरोहिणी साइबर थाना: सब इंस्पेक्टर रिश्वतखोरी के आरोप में सीबीआई के हत्थे...

रोहिणी साइबर थाना: सब इंस्पेक्टर रिश्वतखोरी के आरोप में सीबीआई के हत्थे चढ़ा, मुंबई ले जाने की तैयारी

नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी डिस्ट्रिक्ट साइबर थाने में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने क्रिप्टोकरंसी ठगी के एक मामले में आरोपी से 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब थाने के एसएचओ पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। सूत्रों के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर क्रिप्टोकरंसी में ठगी के एक केस की जांच कर रहा था, जिसमें मुंबई निवासी एक शख्स आरोपी था। सब इंस्पेक्टर ने आरोपी से टेलीग्राम के ज़रिए संपर्क किया और 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के दौरान सब इंस्पेक्टर ने हवाला के ज़रिए ढाई लाख रुपये भेजने की बात कही, जिसे आरोपी ने रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी ने मुंबई सीबीआई में शिकायत दर्ज करा दी।
सीबीआई ने ऐसे कसा शिकंजा
शिकायत के बाद मुंबई से आई सीबीआई टीम ने कल दोपहर रोहिणी साइबर थाने में छापा मारा। शाम छह बजे तक जांच-पड़ताल के बाद टीम सब इंस्पेक्टर को पूछताछ के लिए दिल्ली सीबीआई ऑफिस ले गई। पूछताछ के दौरान सब इंस्पेक्टर ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे मुंबई ले जाया जाएगा।
एसएचओ पर भी गिर सकती है गाज
इस मामले में थाने के एसएचओ पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। आमतौर पर जब किसी थाने में सीबीआई की रेड पड़ती है, तो एसएचओ को लाइन हाज़िर कर दिया जाता है। फिलहाल, सीबीआई पूरे मामले की छानबीन कर रही है और सब इंस्पेक्टर के बैंक खातों और संपत्तियों की जांच भी की जा सकती है। सीबीआई अब इस मामले में सबूत इकट्ठा कर रही है और आरोपी सब इंस्पेक्टर को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है। इसके अलावा, इस बात की भी जांच हो रही है कि क्या इस मामले में और पुलिसकर्मी शामिल थे या सब इंस्पेक्टर ने अकेले ही रिश्वतखोरी की साजिश रची थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments