
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति विभाग के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में झांसी, जालौन और ललितपुर जिलों के विभागीय अधिकारियों के साथ आवश्यक समीक्षा बैठक राजघाट कॉलोनी स्थित केन-बेतवा लिंक परियोजना के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने पेयजल आपूर्ति, सिंचाई व्यवस्था और जल स्रोतों के संरक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में मंत्री ने जल निगम के सभी अवर अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन कम से कम पाँच गांवों का भ्रमण कर पेयजल आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान गांवों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की उपस्थिति में जनचौपाल आयोजित कर लोगों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए नवाचारों के बारे में जागरूक किया जाए। साथ ही अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेतों में सिंचाई के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु नहरों की सफाई और सुरक्षा से संबंधित नवाचारों के वीडियो एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि नहरों में उगने वाली सिवार किस्म की घास की सफाई के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। झांसी सदर विधानसभा क्षेत्र में नहरों की सफाई के दौरान मंत्री ने सीपरी नहर पर लाइनिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नहर के पानी का बेहतर उपयोग हो सके। इसके अलावा विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर पहुज नदी की सफाई और संरक्षण का कार्य करने को भी कहा गया, जिससे नदी में जल स्रोत बनाए रखा जा सके। उन्होंने झांसी मंडल के तीनों जिलों में सड़कों पर बने पुराने पुल और पुलियों की मरम्मत योजनाबद्ध तरीके से शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों में संचालित पेयजल परियोजनाओं, सिंचाई के लिए बांधों और नहरों में जल भंडारण की स्थिति तथा गर्मी के मौसम में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की तैयारियों के बारे में मंत्री को विस्तार से जानकारी दी। साथ ही शासन के निर्देशों के अनुसार नहरों की सफाई, सुरक्षा और पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया। इस समीक्षा बैठक में विधायक रवि शर्मा, विधायक रश्मि आर्य, विधायक जवाहर लाल राजपूत, विधायक राजीव सिंह पारीछा, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल तथा अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेंद्र कुमार सहित सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई विभाग और जल निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।



