
झांसी, उत्तर प्रदेश। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई दुर्ग की प्राचीर से जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र का वास्तविक अर्थ जनता का शासन है और भारत विश्व का सबसे शक्तिशाली लोकतांत्रिक देश है। इसलिए ऐसा कोई भी कार्य न किया जाए जिससे गणतंत्र और लोकतंत्र की मूल भावना को क्षति पहुंचे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर सलामी दी और राष्ट्रगान किया। इसके उपरांत उन्होंने भारतीय संविधान की उद्देशिका का संकल्प अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सामूहिक रूप से दोहराया। उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि संविधान समानता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है और इन्हीं आदर्शों को आत्मसात कर समृद्धि, प्रगति और विकास की दिशा में आगे बढ़ना होगा। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को देश में संविधान लागू हुआ और आज का दिन संकल्प लेने का दिन है कि हम निजी हित से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करेंगे। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की धरती को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों, क्रांतिकारियों और महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान में सभी धर्मों, जातियों और वर्गों का सम्मान और स्वाभिमान समाहित है। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जांबाज सैनिकों और आंतरिक सुरक्षा के प्रहरी पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने शहीदों, बलिदानियों और संविधान निर्माताओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी ने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व जाति, धर्म, संप्रदाय और क्षेत्र से ऊपर उठकर गणतंत्र की ताकत को समझने और मजबूत करने का पर्व है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, समयबद्ध ढंग से कार्य संपादित करें और जहां भी रहें, देश की एकता और अखंडता के लिए लोगों को प्रेरित करें। झांसी किले से झंडारोहण की वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने ऐतिहासिक किले की प्राचीर से ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को नमन किया, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। इस अवसर पर सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राष्ट्रगान और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कलेक्ट्रेट परिवार के सदस्यों ने भी गणतंत्र दिवस से ओतप्रोत अपने विचार साझा किए। ध्वजारोहण कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जे. अक्षय दीपक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, सीटीओ अनिल मिश्रा, सचिव जेडीए उपमा पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




