
झांसी, उत्तर प्रदेश। बहादुर मैरिज गार्डन में आयोजित श्रीराम कथा सप्ताह के नवम दिवस पर धार्मिक आस्था और सामाजिक समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में जहां रामकथा का भव्य आयोजन हुआ, वहीं सामूहिक कन्या विवाह ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और भावुक बना दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीराम का आदर्श जीवन हमें मर्यादा, सेवा और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे पुनीत आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बनते हैं। कार्यक्रम के दौरान दीपक संग निशा एवं राहुल संग अंजलि का विवाह वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं की उपस्थिति में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया, जिससे पूरा माहौल भावनाओं से सराबोर हो उठा। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश गौर ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जबकि उपाध्यक्ष एवं मंच संचालक आनंद सोनी ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। प्रचार-प्रसार मंत्री श्यामली सिंह, मंच संयोजक महेश वर्मा एवं सचिव पंकज सविता सहित समिति के सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर रामकथा का रसपान किया और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया, जिससे आयोजन पूर्ण रूप से सफल और यादगार बन गया।




