
मुंबई। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने शुक्रवार को मुंबई विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और आमंत्रित अतिथियों के साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर खुला संवाद किया। संवाद के दौरान फिनलैंड की शिक्षा प्रणाली, भारत और फिनलैंड के बीच शैक्षणिक अवसर, बदलते अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति स्टब से कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से उत्तर देते हुए अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर भारत में फिनलैंड के कॉन्सुलेट जनरल एरिफ अफ हॅलोस्ट्रॉम, मुंबई विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. रविंद्र कुलकर्णी तथा मुख्य राजशिष्टाचार अधिकारी राजेश गवांदे सहित अन्य मान्यवर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन द हिंदू की पत्रकार विनया देशपांडे ने किया। इस दौरान छात्रों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और वैश्विक सहयोग के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।




