
रांची, झारखंड। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे के तहत रविवार शाम विशेष विमान से रांची पहुंचीं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को राज्य का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। सांसद संजय सेठ, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने बुके देकर राष्ट्रपति का अभिनंदन किया। एयरपोर्ट से लोकभवन तक राष्ट्रपति के काफिले के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पूरे रूट लाइन में रांची पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में तैनात रहीं। सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लगभग 20 से 22 मिनट में राष्ट्रपति का काफिला सुरक्षित रूप से लोकभवन पहुंचा। राष्ट्रपति रविवार रात लोकभवन में ही विश्राम करेंगी। अपने दौरे के दूसरे दिन सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगी। 29 दिसंबर को वह जमशेदपुर जाएंगी, जहां करणडीह स्थित दिशोम जाहेर थान में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वह संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर पहुंचेंगी, जहां वह संस्थान के 15वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी। दीक्षांत समारोह के बाद वह शाम को पुनः रांची लौटेंगी और लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। दौरे के अंतिम दिन 30 दिसंबर को राष्ट्रपति रांची से हवाई मार्ग से छत्तीसगढ़ के जशपुर जाएंगी। वहां से सड़क मार्ग के जरिए वह झारखंड के गुमला पहुंचेंगी, जहां अंतर्राज्यीय जनसंस्कृति समागम समारोह ‘कार्तिक जतरा’ में शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति वापस रांची लौटेंगी और वहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।




