Thursday, March 12, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedनाशिक सिंहस्थ कुंभ की तैयारी शुरू: केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सड़क परियोजनाओं...

नाशिक सिंहस्थ कुंभ की तैयारी शुरू: केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सड़क परियोजनाओं को दी सैद्धांतिक मंजूरी

नाशिक। आगामी 2027 के सिंहस्थ कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए नाशिक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और यातायात की सुगमता के लिए केंद्र सरकार ने अहम कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कुंभ से जुड़े प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण, नवनिर्माण और रिंग रोड जैसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जल्द ही इन कार्यों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर आवश्यक धनराशि मंजूर की जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर नागपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री गिरीश महाजन, सांसद सुमिता वाघ, विधायक देवयानी फरांदे, सड़क परिवहन मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर, NHAI अध्यक्ष यादव, नाशिक संभागीय आयुक्त प्रवीण गेडाम, विशेष पुलिस महानिरीक्षक दत्ता कराले, पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक, जिलाधिकारी जलज शर्मा, मनपा आयुक्त मनीषा खत्री सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि नाशिक से आठ प्रमुख मार्ग – मुंबई, पुणे, गुजरात, पालघर, अहिल्यानगर, संभाजीनगर, धुले आदि से जोड़ने वाले मार्गों का अत्यधिक महत्व होगा। इन सभी मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा जाएगा और आंतरिक सड़कों को विस्तारित किया जाएगा। विशेष रूप से नाशिक-त्र्यंबकेश्वर मार्ग को छह लेन का किया जाएगा। इसके अलावा, लंबे समय से लंबित नाशिक रिंग रोड परियोजना को भी मंजूरी मिल गई है, जिससे शहर में आने-जाने वाले ट्रैफिक का भारी दबाव कम होगा। द्वारका सर्कल के दो-चरणीय विकास की योजना भी बैठक में तय हुई। पहला चरण कुंभ मेले से पूर्व और दूसरा मेले के बाद क्रियान्वित किया जाएगा। यह विकास कार्य मुंबई के कळंबोली जंक्शन की तर्ज पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि, कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि नाशिक की आस्था और वैश्विक पहचान का प्रतीक है। लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए केंद्र व राज्य सरकार मिलकर काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने अधिकारियों को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर कार्यों को अमल में लाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि समय रहते सभी संरचनात्मक कार्य पूरे हो जाएंगे और 2027 का सिंहस्थ कुंभ एक आदर्श आयोजन के रूप में स्थापित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments