
मुंबई/नासिक। आगामी नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने शिर्डी हवाई अड्डे के विस्तार और आधुनिकीकरण को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र हवाई अड्डा प्राधिकरण की 91वीं बैठक में यह निर्णय लिया, जिसमें शिर्डी एयरपोर्ट पर दो हेलीपैड, आठ वाहन पार्किंग स्थल और टर्मिनल के आधुनिकीकरण का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि नासिक एयरपोर्ट की सीमित क्षमता और कुंभ मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए शिर्डी एयरपोर्ट को एक वैकल्पिक और सशक्त हवाई सुविधा के रूप में विकसित किया जा रहा है। हवाई मार्ग से श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने हेतु कार्गो टर्मिनल का निर्माण भी प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने अमरावती एयरपोर्ट के रनवे विस्तार की योजना शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमरावती क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आई है, इसलिए एयरपोर्ट से जुड़ी राजस्व अर्जन की योजनाओं पर भी काम किया जाएगा।
लातूर, कराड, चंद्रपुर और गढ़चिरोली एयरपोर्ट पर भी फोकस
लातूर एयरपोर्ट को बीड़ और धाराशिव जिलों से जोड़ते हुए इसके शीघ्र विकास की जरूरत बताई गई। कराड में नाइट लैंडिंग की सुविधा विकसित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे वहां की विमानन गतिविधियों को बढ़ावा मिले। चंद्रपुर एयरपोर्ट पर चार्टर्ड विमानों की सुविधा हेतु रनवे विस्तार और गढ़चिरोली में नए एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक स्थल तलाशने की बात कही गई। बैठक में रत्नागिरी, अकोला, कोल्हापुर, नांदेड और धुले जैसे हवाई अड्डों की प्रगति की समीक्षा की गई। क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत राज्य के 16 मार्गों पर विमान सेवाएं चालू हैं। उड़ान योजना (UDAN) के तहत 8 नए प्रस्ताव केंद्र को भेजे गए हैं। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, प्राधिकरण की उपाध्यक्ष स्वाति पांडे, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव ओ. पी. गुप्ता, परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय सेठी, एमआईडीसी के सीईओ पी. वेलरासु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




