
मुंबई। अभिनेत्री और निर्माता प्राजक्ता माली ने शनिवार को भाजपा विधायक सुरेश धास पर कड़ी प्रतिक्रिया दी, जिन्होंने सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में एनसीपी मंत्री धनंजय मुंडे को निशाना बनाते हुए माली का नाम घसीटा। देशमुख की हत्या 9 दिसंबर को बीड में हुई थी, जब उन्होंने एक ऊर्जा फर्म पर जबरन वसूली की कोशिश को रोकने का प्रयास किया। मामले में कई गिरफ्तारियां हुई हैं, जिनमें परली विधायक मुंडे के करीबी माने जाने वाले वाल्मीक कराड का नाम भी शामिल है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में माली ने धास की टिप्पणियों को “झूठी और अपमानजनक” करार दिया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में परली की उनकी यात्रा को बेवजह विवाद में घसीटा जा रहा है। माली ने स्पष्ट किया कि एक कलाकार के रूप में वह विभिन्न शहरों में ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेती हैं, और सवाल किया कि सिर्फ महिलाओं को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “पुरुष कलाकार भी राजनेताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। सिर्फ महिलाओं पर निशाना साधना दुर्भाग्यपूर्ण है। माली ने धास से सार्वजनिक माफी की मांग की है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही हैं। साथ ही, उन्होंने धनंजय मुंडे की पत्नी करुणा मुंडे के पहले के बयान पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “एक महिला होने के नाते करुणा ताई को महिलाओं की पीड़ा समझनी चाहिए। बिना तथ्यों की पुष्टि किए महिलाओं पर आरोप लगाना बेहद असंवेदनशील है। माली ने यह भी बताया कि उन्होंने करुणा मुंडे को सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के लिए नोटिस भेजा था, जिसके बाद करुणा ने बयान देना बंद कर दिया। माली ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है और महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक सामग्री के प्रसार पर जवाबदेही तय करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने का इरादा जताया। इस विवाद के बीच महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने विधायक सुरेश धास को सार्वजनिक टिप्पणी से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा, अगर धास के पास कोई प्रासंगिक जानकारी है, तो उन्हें मुख्यमंत्री को सीधे जानकारी देनी चाहिए। उनकी सार्वजनिक टिप्पणी जांच में बाधा डाल सकती है।