
बीएमसी ने शुरू की इलेक्ट्रिक बाइक गारबेज सर्विस
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एच/पूर्व वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एक अनोखी और पर्यावरण हितैषी पहल की गई है। अब स्लम इलाकों की संकरी और तंग गलियों से कचरा उठाने के लिए इलेक्ट्रिक बाइक का इस्तेमाल किया जाएगा। यह कदम न केवल सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि प्रदूषण घटाने की दिशा में भी एक सकारात्मक बदलाव लाएगा। इस सेवा का शुभारंभ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वार्ड की सहायक आयुक्त श्रीमती मृदुला अंडे ने इलेक्ट्रिक बाइक की लाइट जलाकर किया। इस मौके पर घनकचरा विभाग के अधिकारी और वार्ड के कई कर्मचारी मौजूद रहे। फिलहाल बीएमसी ने इस पहल को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया है और एक इलेक्ट्रिक बाइक को सेवा में लगाया गया है। एसडब्ल्यूएम विभाग के सहायक अभियंता सचिन मुदगंटी ने जानकारी दी कि स्लम क्षेत्रों में बड़ी गाड़ियों के प्रवेश में कठिनाई आती है, जिसके कारण कचरा उठाने में परेशानी होती थी। ऐसे में इलेक्ट्रिक बाइक सबसे उपयुक्त विकल्प साबित हो सकती है। यह इलेक्ट्रिक बाइक एक बार में लगभग 200 किलो तक कचरा ढोने की क्षमता रखती है। यदि यह प्रयोग सफल होता है तो आने वाले समय में और भी इलेक्ट्रिक बाइकों को शामिल किया जाएगा। इस पहल का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि बीएमसी को स्लम इलाकों में साफ-सफाई बनाए रखने में आसानी होगी और नागरिकों को बेहतर कचरा प्रबंधन की सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि बीएमसी एच/पूर्व विभाग का अधिकांश हिस्सा स्लम बस्तियों से घिरा है, जहाँ गलियां बेहद संकरी हैं। यहां पारंपरिक बड़ी कचरा गाड़ियों का प्रवेश लगभग असंभव हो जाता है। ऐसे में यह इलेक्ट्रिक बाइक सफाई व्यवस्था की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित हो सकती है। बीएमसी का यह कदम ‘स्वच्छ मुंबई, हरित मुंबई’ के विजन को मजबूत करेगा और आधुनिक तकनीक को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान देगा।





