Wednesday, March 4, 2026
Google search engine
HomeCrimeवसई में ट्रिपल सीट रोकने पर पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

वसई में ट्रिपल सीट रोकने पर पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

इंद्र यादव
पालघर।
होली के उत्सवी माहौल के बीच पालघर जिले के वसई इलाके में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। ट्रैफिक नियमों का पालन करवा रहे एक पुलिसकर्मी पर युवक ने पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना 3 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 3:30 बजे वसई पूर्व के रेंज नाका पर हुई। ट्रैफिक पुलिसकर्मी जसवंत वलवी और पुलिस नायक विनोद माने होली के मद्देनजर ‘ट्रिपल सीट’ (एक बाइक पर तीन सवार) के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अभिषेक राजदेव जैसवार (21) नामक युवक अपनी मोटरसाइकिल पर दो अन्य साथियों के साथ ट्रिपल सीट सवारी करते हुए वहां से गुजरा। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर चालान की प्रक्रिया शुरू की, जिस पर आरोपी आपा खो बैठा। चालान से नाराज आरोपी ने पास में पड़ा भारी पत्थर उठाकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी जसवंत वलवी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी थी कि वलवी लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। अचानक हुई इस वारदात से वहां अफरा-तफरी मच गई।
आरोपी दबोचा गया, गंभीर धाराओं में केस दर्ज
घटना के तुरंत बाद अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया। वालीव पुलिस स्टेशन ने घायल पुलिसकर्मी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी किसी नशे की हालत में था या उसका कोई आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस विभाग की ओर से जारी आधिकारिक संदेश में कहा गया है, वर्दी पर हाथ उठाना कानून को सीधी चुनौती है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का मनोबल बना रहे।घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments