Thursday, February 26, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedखारघर रोड रेज मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

खारघर रोड रेज मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

नवी मुंबई। खारघर में हुई रोड रेज की घटना की एक सप्ताह तक जांच करने के बाद, नवी मुंबई पुलिस ने आखिरकार दो आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेहान शेख (20) के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी फैजान शेख (20) अभी भी फरार है। दोनों आरोपी नागपाड़ा और अग्रीपाड़ा इलाके के रहने वाले हैं और डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करते थे। बता दें कि 3 फरवरी की रात करीब 8.30 बजे खारघर इलाके में आईटी प्रोफेशनल शिवकुमार रोशनलाल शर्मा (45) के साथ ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ था। जांच अधिकारियों के अनुसार, शर्मा ने आरोपियों को दो बार ओवरटेक किया और कथित तौर पर उन पर थूक दिया, जिससे दोनों नाराज हो गए। इसके बाद शर्मा और आरोपी बेलपाड़ा और उत्सव चौक के बीच रुक गए और उनमें बहस शुरू हो गई।
इस दौरान शर्मा ने एक आरोपी को लात मारी, जिसके बाद आरोपी ने शर्मा के हेलमेट से उनके सिर पर कई वार किए। इस हमले में शर्मा को कोई बाहरी चोट नहीं लगी, लेकिन वह अपनी बाइक से खारघर पुलिस स्टेशन पहुंचे और मारपीट की जानकारी देते हुए हमले का वीडियो पुलिस के साथ साझा किया। इसके तुरंत बाद वह अचानक बेहोश हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी इस बात से अनजान थे कि शर्मा की मौत हमले के कारण हुई। घटना के बाद वे खारघर में आयोजित इज्तिमा (धार्मिक सभा) में शामिल हुए और रात 10.30 बजे अपने-अपने घर चले गए। नवी मुंबई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। दोनों आरोपियों को बीकेसी इलाके में ट्रेस किया गया, जहां पुलिस ने रेहान शेख को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन फैजान शेख फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपी को नवी मुंबई क्राइम ब्रांच ने खारघर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों की टीम
इस जांच का नेतृत्व सेंट्रल यूनिट के पुलिस इंस्पेक्टर सुनील शिंदे और यूनिट III के पुलिस इंस्पेक्टर हनीफ मुलानी कर रहे हैं। साथ ही यूनिट I के पुलिस इंस्पेक्टर नीरज चौधरी और क्राइम ब्रांच की अन्य टीमें भी इस जांच में शामिल हैं। सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम ब्रांच) अजय लांडगे और पुलिस उपायुक्त (क्राइम ब्रांच) अमित काले पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अब फरार आरोपी फैजान शेख की तलाश में दबिश दे रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments