
नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित (34) के रूप में हुई है, जो पहले भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से जुड़े कई मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, द्वारका जिले के डीसीपी के निर्देश पर अपराध की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी विशेष इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसी क्रम में एएटीएस की एक विशेष टीम ने नियमित पेट्रोलिंग और गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की।
यह कार्रवाई उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल सोनू और हेड कांस्टेबल मनोज कुमार की टीम ने की, जो इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, प्रभारी एएटीएस द्वारका के पर्यवेक्षण में तथा एसीपी/ऑपरेशंस की समग्र निगरानी में कार्यरत थी। गिरफ्तार आरोपी मोहित पुत्र सुरेंद्र, दिल्ली के जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र के गांव धांसा, जितियन पाना, फिरनी वाला रोड का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसे वह अवैध रूप से अपने पास रखे हुए था। पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और वह पहले भी चार से अधिक गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी से इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को टालने में सफलता मिली है।
इस मामले में थाना द्वारका नॉर्थ में एफआईआर संख्या 17/26, दिनांक 11 जनवरी 2026, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाया गया था और इसके पीछे उसका उद्देश्य क्या था।




