
मुंबई। मुंबई के सांताक्रुज पश्चिम स्थित सोशल वेल्फेयर सेंटर रेलवे कॉलोनी सभागृह में सुप्रसिद्ध साहित्यिक संस्था निर्मला फाउंडेशन द्वारा प्रो. डॉ. शशिकला पटेल के जन्मदिन के अवसर पर रविवार 29 मार्च 2026 को एक यादगार भव्य कविगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। संस्था का परिचय अध्यक्ष प्रो. डॉ. शशिकला पटेल ने प्रस्तुत किया, जबकि स्वागताध्यक्षता समाजसेवी आर.एन. यादव और कार्याध्यक्ष शिक्षाविद् चंद्रवीर बंशीधर यादव ने निभाई। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार एवं गीतकार मधुराज मधु ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में मानवतावादी संदेश देते हुए समाज में एकता और समरसता पर बल दिया, साथ ही अपनी आगामी हिंदी फिल्म के बारे में भी जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. महेन्द्र उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथियों में नामदार राही, फिल्म निर्देशक ललित आर्या, संपादक ओमप्रकाश प्रजापति, डॉ परमिंदर पाण्डेय, फिल्म प्रोड्यूसर राकेश जलोत्रा, साहित्यकार रामसिंह, संपादक दिव्या जैन तथा आर के सर सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को शाल, पुष्पगुच्छ एवं तुलसी पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण रहे डॉ कृष्णकुमार कृपा शंकर यादव, जिन्हें फाउंडेशन द्वारा शाल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। वहीं मानववादी लेखक संघ द्वारा डॉ. शशिकला पटेल को मुंबई विश्वविद्यालय से पीएचडी उपाधि प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कविगोष्ठी में आराधना रावत, जाकिर हुसैन रहबर, अर्चना वर्मा सिंह, कृष्णा श्रीवास्तव, सत्यवती मौर्या, विद्या शर्मा, लक्ष्मीकांत कमलनयन, वरिष्ठ कवयित्री डॉ नीलिमा पाण्डेय सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महेश भट्ट की हास्य कविता और अभिनेता कृष्ण बंसल की अभिनययुक्त प्रस्तुति ने विशेष आकर्षण पैदा किया। गीतकार जवाहर लाल निर्झर, कल्पेश यादव, त्रिलोचन सिंह अरोड़ा सहित अन्य रचनाकारों ने भी उत्कृष्ट काव्य पाठ कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर जीतबहादुर पटेल, गजानन परब, राजेन्द्र गुप्ता, सज्जाद खान, जितेन्द्र यादव, जनार्दन सिंह, राकेश वर्मा, चंदन मधु, संगीत निर्देशक आदित्य गौड़, पत्रकार शकील शेख, अमरदीप और यशपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ अमर बहादुर पटेल ने किया, जबकि सफल संयोजन समाजसेवी उद्योगपति अजय कुमार गुप्ता, सुरेन्द्र पाल, गिरधारी लाल पंडित एवं रितु कुमार द्वारा किया गया। अंत में कार्याध्यक्ष चंद्रवीर बंशीधर यादव ने आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




