
मीरा-भायंदर। माघी श्रीगणेश विसर्जन के लिए मीरा-भायंदर महानगर पालिका की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद अ. शर्मा के मार्गदर्शन में शहर में कुल 9 स्थानों पर कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की गई है। माघी श्रीगणेश विसर्जन 23 जनवरी 2026 को किया जाएगा। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी सभी गणेश मूर्तियों का विसर्जन केवल कृत्रिम तालाबों में ही किया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका ने यह व्यवस्था की है। वहीं, 6 फुट से अधिक ऊंची गणेश मूर्तियों के विसर्जन के लिए भायंदर (पश्चिम) जेट्टी तथा भायंदर (पूर्व) जेसल पार्क चौपाटी—इन दो स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर हाइड्रोलिक क्रेन की सुविधा भी महानगरपालिका द्वारा उपलब्ध कराई गई है। कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था निम्न स्थानों पर की गई है- उत्तन समुद्र तट, सुभाषचंद्र बोस मैदान, भायंदर पश्चिम, भायंदर पश्चिम जेट्टी, जेसल पार्क चौपाटी, भायंदर पूर्व, स्व. आनंद दिघे मैदान, भायंदर पूर्व, शिवार गार्डन, मीरा रोड पूर्व, घोड़बंदर श्मशानभूमि परिसर, साई दत्त तालाब, पेंकर पाड़ा व जरीमरी तालाब, काशीमीरा शामिल है। प्रत्येक कृत्रिम तालाब स्थल पर पांच प्रशिक्षित तैराक कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा ताकि विसर्जन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। महानगरपालिका प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सुसज्जित कृत्रिम तालाबों का ही उपयोग करें, पर्यावरण के अनुकूल तरीके से उत्सव मनाएं और प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।




