
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से शुरू हुए अपने दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर मिज़ोरम, मणिपुर और असम पहुँचे। इस दौरान उन्होंने 40,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने दौरे की शुरुआत मिज़ोरम से की, जहाँ उन्होंने 8,070 करोड़ रुपये की लागत वाली बैराबी–सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक परियोजना से पहली बार मिज़ोरम की राजधानी आइजोल भारतीय रेल नेटवर्क से जुड़ गई। कठिन पहाड़ी परिस्थितियों में बनी इस लाइन में 45 सुरंगें, 55 बड़े और 88 छोटे पुल शामिल हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह केवल एक रेल लाइन नहीं बल्कि “परिवर्तन की जीवनरेखा” है। इसके माध्यम से किसानों, छात्रों, व्यवसायियों और पर्यटकों को देश से बेहतर जुड़ाव मिलेगा। मिज़ोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इसके बाद पीएम मोदी मणिपुर पहुँचे। भारी बारिश और खराब मौसम के कारण उन्हें सड़क मार्ग से जाना पड़ा। उन्होंने चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिनमें 3,600 करोड़ रुपये की शहरी सड़क और जल निकासी परियोजना, 2,500 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग योजनाएँ, मणिपुर इन्फोटेक डेवलपमेंट (MIND) प्रोजेक्ट, और कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास शामिल हैं। इंफाल में 1,200 करोड़ रुपये की आधारभूत संरचना परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा- मणिपुर साहस और वीरता की धरती है। यहाँ का युवा आने वाले समय में पूरे पूर्वोत्तर को रोशन करेगा। प्रधानमंत्री ने जिरीबाम–इंफाल रेल लाइन (22,000 करोड़ रुपये) और नए इंफाल एयरपोर्ट का उल्लेख करते हुए कनेक्टिविटी को राज्य की सबसे बड़ी चुनौती और प्राथमिकता बताया। यह दौरा 2023 की हिंसा के बाद मणिपुर में प्रधानमंत्री की 862 दिनों बाद पहली यात्रा है, जिस पर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा था। प्रधानमंत्री मोदी अब असम के गुवाहाटी पहुँचेंगे। उनका यह दौरा भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह से जुड़ा है। असम में पीएम मोदी 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें दरांग मेडिकल कॉलेज व नर्सिंग स्कूल (567 करोड़ रुपये), नारेंगी–कुरुवा पुल और गुवाहाटी रिंग रोड (7,000 करोड़ रुपये), और गोलाघाट जिले में बांस आधारित इथेनॉल संयंत्र (5,000 करोड़ रुपये) शामिल हैं। साथ ही 7,000 करोड़ रुपये की नई पेट्रो रिफाइनरी इकाई की आधारशिला भी रखी जाएगी। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने उन राज्यों पर ध्यान केंद्रित किया है जिन्हें पहले वोट बैंक की राजनीति के कारण उपेक्षित किया गया था। उन्होंने कहा- जो कभी हाशिए पर थे, वे अब मुख्यधारा में हैं। पूर्वोत्तर अब देश की प्रगति का अगुवा बन रहा है।




