
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम दिवंगत नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता डीबी पाटिल के नाम पर रखा जाएगा।पाटिल को उनके काम को लेकर व्यापक रूप से सराहा गया था क्योंकि उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि क्षेत्र में परियोजना से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा मिले।फडणवीस ने कहा, ‘‘हवाई अड्डे के निर्माण की अनुमति देते समय, केंद्र ने ‘नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ नाम को मंजूरी दी थी। प्रस्तावित नाम परिवर्तन के साथ, अब इसे आधिकारिक तौर पर ‘लोकनेते डीबी पाटिल नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ के नाम से जाना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।’’उन्होंने यह भी बताया कि पुणे और छत्रपति संभाजी नगर हवाई अड्डों का नाम बदलने की मंजूरी भी जल्द ही दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा अपरिवर्तित है और केंद्र सरकार को नामकरण पर कोई आपत्ति नहीं है।पुणे हवाई अड्डे का नाम जगद्गुरु संत तुकाराम के नाम पर रखने का प्रस्ताव है, जबकि औरंगाबाद हवाई अड्डे का नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखा जाएगा। राज्य सरकार ने औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर कर दिया था। फडणवीस ने कहा कि आधिकारिक नाम की घोषणा यात्री परिचालन के प्रारंभ होने पर की जायेगी। फडणवीस ने कहा कि नाम बदलने के फैसले को विधानमंडल के दोनों सदनों ने मंजूरी दे दी है और केंद्र सरकार को भेजे जाने से पहले राज्य मंत्रिमंडल ने भी इसे स्वीकृति दे दी थी। केंद्र हवाई अड्डों के नामकरण पर अपनी नीति को अंतिम रूप दे रहा है और नए दिशानिर्देशों के तहत, जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है।




