Thursday, March 12, 2026
Google search engine
HomeUncategorized"नागपूर स्पोर्ट्स हब" निर्धारित समय में होगा तैयार: क्रीड़ा मंत्री दत्तात्रय भरणे

“नागपूर स्पोर्ट्स हब” निर्धारित समय में होगा तैयार: क्रीड़ा मंत्री दत्तात्रय भरणे

मुंबई। नागपूर के मानकापूर विभागीय क्रीड़ा संकुल में अत्याधुनिक खेल सुविधाओं से लैस “नागपूर स्पोर्ट्स हब” का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें आवासीय सुविधा, आधुनिक जिम, प्रशासनिक भवन, अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल उपकरण, वर्षा जल संचयन (रेनवॉटर हार्वेस्टिंग) और ग्रीन बिल्डिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। क्रीड़ा मंत्री दत्तात्रय भरणे ने आश्वस्त किया कि इस परियोजना के लिए फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
परियोजना की समीक्षा बैठक
सोमवार को मंत्रालय में इस परियोजना को लेकर एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्रीड़ा उपसंचालक शेखर पाटील, कार्यकारी अभियंता अभिजीत कुचेवार, उपअभियंता प्रशांत शंकरपुरे और वास्तुविद नूपुर वैद्य व नम्रता शेट्टी उपस्थित रहे। बैठक में मंत्री भरणे ने प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
खेल सुविधाओं का होगा विस्तार
मंत्री भरणे ने बताया कि नागपूर के मानकापूर क्रीड़ा संकुल में स्पोर्ट्स कन्वेंशन सेंटर और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से संबद्ध कोर्सेस शुरू किए जाएंगे। इन कोर्सेस में स्पोर्ट्स मीट, स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी, स्पोर्ट्स साइकोलॉजी, स्पोर्ट्स इवेंट मैनेजमेंट और स्पोर्ट्स कोचिंग जैसी पढ़ाई होगी, जिससे खिलाड़ियों को खेल क्षेत्र में करियर के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए एक विशेष इनोवेटिव स्पोर्ट्स स्कूल की स्थापना की जाएगी। साथ ही, एक स्पोर्ट्स इन्फॉर्मेशन सेंटर भी बनाया जाएगा, जहां उभरते खिलाड़ियों और उनके माता-पिता को खेलों की आधुनिक जानकारी, खेल व युवा कल्याण विभाग की सरकारी योजनाओं, विभिन्न खेल पुरस्कारों और सरकारी व निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। मंत्री भरणे ने भरोसा दिलाया कि “नागपूर स्पोर्ट्स हब” महाराष्ट्र का एक प्रमुख खेल केंद्र बनेगा और यह तय समय पर तैयार होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments