
पुणे। पिंपरी चिंचवड़ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सोशल एक्टिविस्ट की उसकी पत्नी द्वारा कथित तौर पर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर हुए विवाद के बाद यह वारदात हुई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नकुल आनंद भोइर (40) के रूप में हुई है, जो माणिक कॉलोनी में रहता था। आरोपी उसकी पत्नी चैताली (28) है, जो खुद भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय है और आगामी नगर निगम चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही थी। दोनों कपड़ों के कारोबार से जुड़े थे और 2018 में उनकी शादी हुई थी। यह घटना शुक्रवार तड़के उनके घर में हुई। नकुल को सुबह मृत पाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि करीब 2 बजे हुए विवाद के दौरान चैताली ने कथित रूप से कपड़े के टुकड़े से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद चैताली ने स्वयं पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में लेकर हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। नकुल के भाई तुषार भोइर की सूचना पर चिंचवड़ पुलिस स्टेशन में चैताली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एफ़आईआर में उल्लेख है कि पिछले कई महीनों से पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे। परिजनों के अनुसार, नकुल ने पत्नी से शराब पीना छोड़ने, कर्ज न लेने और अन्य पुरुषों से मेलजोल बंद करने को कहा था, जिससे तनाव बढ़ता जा रहा था। घटना के समय दंपति के बच्चे घर में ही मौजूद थे और सो रहे थे। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और पति-पत्नी के बीच विवाद के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।




