
मुंबई। मुंबई के गोरेगांव पश्चिम के भगत सिंह नगर में 23 जून को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी की वफादारी पर शक था और उसे संदेह था कि उसका किसी अन्य व्यक्ति से संबंध है। इस शक के चलते उसने गुस्से में आकर बच्चों के सामने ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। दोनों बच्चे इस भयानक दृश्य के चश्मदीद बने। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बांगुर नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। गुप्त सूचना के आधार पर मुंबई पुलिस ने आरोपी को राम मंदिर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।