
मुंबई। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री को करीब 90 लाख रुपए मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चेन्नई निवासी संगीश खान कुप्पाई कानी खान साहिब के रूप में की गई है। सीमा शुल्क विभाग को पहले से मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि यात्री ने अपने ट्रॉली बैग में बड़ी चालाकी से चार पारदर्शी सीलबंद पैकेट्स में यह प्रतिबंधित पदार्थ छुपा रखा था। यात्री सोमवार को बैंकॉक से मुंबई के टी2 टर्मिनल पर पहुंचा और ग्रीन चैनल पार कर रहा था, तभी उसे संदेह के आधार पर रोका गया। जब अधिकारियों ने उसका बैग चेक किया, तो उसमें से 907 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने खुद स्वीकार किया कि यह पदार्थ हाइड्रोपोनिक वीड है।
NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तारी, गिरोह की जांच शुरू
सीमा शुल्क विभाग ने इस मादक पदार्थ की प्रारंभिक जांच के बाद पुष्टि की कि यह NDPS अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। इसके बाद संगीश खान को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सीमा शुल्क सूत्रों के मुताबिक, आरोपी द्वारा दिए गए बयान और जांच में यह संकेत मिला है कि इस तस्करी में अन्य व्यक्ति भी शामिल हैं, जिनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। “मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है। आरोपी के संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा रहा है, ताकि तस्करी के इस नेटवर्क को पूरी तरह उजागर किया जा सके,” एक सीमा शुल्क अधिकारी ने बताया।




