दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए मोबाइल कोर्ट का आयोजन

देवेश प्रताप सिंह राठौर
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद उन्नाव में मंगलवार को मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। यह मोबाइल कोर्ट राज्य आयुक्त दिव्यांग, उत्तर प्रदेश हिमांशु शेखर झा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार, उन्नाव में आयोजित की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती एवं पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत दिव्यांगजनों की शिकायतों को सुनकर उनका स्थानीय स्तर पर समाधान करना है, ताकि उन्हें न्याय के लिए भटकना न पड़े। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी उन्नाव, ज्योति त्रिवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मोबाइल कोर्ट दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम–2016 की मूल भावना के अनुरूप आयोजित की गई है। इसके माध्यम से उन दिव्यांगजनों को लाभ पहुंचाया जाएगा, जो अब तक सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रहे हैं या जिन्हें इन योजनाओं की समुचित जानकारी नहीं मिल पाई है।
उन्होंने बताया कि जनपद के कई ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजन जागरूकता के अभाव में अपने अधिकारों का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। मोबाइल कोर्ट के माध्यम से न केवल उनकी शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा, बल्कि उन्हें सरकार की योजनाओं, परियोजनाओं और दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। मोबाइल कोर्ट के दौरान समाज में दिव्यांगजनों के साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में भी ठोस प्रयास किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें पूर्ण और प्रभावी भागीदारी दिलाना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस आयोजन में दिव्यांगजनों की शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, पेंशन, सहायक उपकरण, प्रमाण पत्र, आवास सहित अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी सुना जाएगा। जिला प्रशासन ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं। जिन दिव्यांगजनों को किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या है, वे निर्धारित तिथि को विकास भवन सभागार में आयोजित मोबाइल कोर्ट में प्रार्थना पत्र के साथ समय से उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।




