
पनवेल। पनवेल में निर्माणाधीन नगर निगम मुख्यालय “स्वराज्य” का कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संतोषजनक ढंग से प्रगति पर है, यह जानकारी स्थानीय विधायक प्रशांत ठाकुर ने बुधवार को साइट निरीक्षण के दौरान दी। नये पनवेल में स्थित यह भवन नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जोड़ने वाले मार्ग पर बन रहा है और इसके निर्माण से न केवल नगर प्रशासन को मजबूती मिलेगी, बल्कि नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ पूर्व सदन नेता परेश ठाकुर, पूर्व नगरसेवक नितिन पाटिल, अनिल भगत और अजय बहिरा भी उपस्थित थे। सिटी इंजीनियर संजय कटेकर ने परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। मीडिया से बात करते हुए विधायक ठाकुर ने कहा कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिसमें नागरिकों के लिए सुनियोजित सार्वजनिक परिवहन स्टॉप, पर्याप्त पार्किंग, स्वच्छ शौचालय, कैफेटेरिया, आम सभा हॉल, महापौर, उप महापौर, स्थायी समिति, सत्तापक्ष और विपक्षी नेताओं के लिए स्वतंत्र कक्ष, दो सम्मेलन हॉल और बैठक कक्ष जैसी व्यवस्थाएं होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समयसीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता में कोई समझौता न करने के निर्देश भी दिए। 2016 में गठित पनवेल महानगरपालिका वर्तमान में पुरानी इमारत से सीमित संसाधनों के साथ कार्य कर रही है, ऐसे में “स्वराज्य” भवन के पूर्ण होते ही यह पनवेल क्षेत्र में एक प्रमुख नागरिक स्थल के रूप में उभरेगा और शहरी प्रशासन को एक नई गति देगा।