
मुंबई। कोल्हापुर जिले के शिरोल विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत चल रही जलापूर्ति योजनाओं को लेकर महाराष्ट्र के जलापूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंत्री पाटिल ने मुंबई के मंत्रालय में शिरोळ क्षेत्र की जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सभी योजनाओं को सुनियोजित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में अनावश्यक देरी की जा रही है, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में शिरोळ के विधायक राजेंद्र पाटिल-यड्रावकर, जलापूर्ति विभाग के प्रधान सचिव संजय खंदारे, अभियान संचालक प्रतिनिधि सुषमा सातपुते, मुख्य अभियंता प्रशांत भामरे सहित संबंधित परियोजनाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री पाटिल ने यह भी जानकारी दी कि भविष्य की जलापूर्ति योजनाओं में सौर ऊर्जा के उपयोग की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है, ताकि इन परियोजनाओं को दीर्घकालिक, पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ और ऊर्जा-किफायती बनाया जा सके। इस निर्णय से शिरोळ क्षेत्र के नागरिकों को समय पर स्वच्छ जल उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है, वहीं योजनाओं के अमल में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




