
संभल, उत्तर प्रदेश। यूपी के संभल जिले के बनियाखेड़ा विकास क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय नगला पूर्वा में मिड-डे मील योजना और विद्यालय संचालन में गंभीर अनियमितताओं के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अलका शर्मा ने सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। 2 फरवरी को किए गए औचक निरीक्षण में विद्यालय में पंजीकृत 465 छात्रों के मुकाबले केवल 167 छात्र उपस्थित पाए गए, जबकि मिड-डे मील रजिस्टर में पिछले दिनों करीब 400 छात्रों को भोजन वितरण दर्ज किया गया था, जिसे प्रथम दृष्टया योजना की धनराशि के दुरुपयोग के रूप में देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्राप्त धनराशि के आय-व्यय से संबंधित कोई अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके, साथ ही कक्षाओं में शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) और महापुरुषों के चित्रों का अभाव पाया गया। इसी बीच 6 फरवरी को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर विद्यालय परिसर में धार्मिक विवाद का मामला भी सामने आया, जिसमें दीवारों पर कुरान की आयतें लिखे होने और महापुरुषों की तस्वीरें हटाए जाने का दावा किया गया, जिसे विभाग ने कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत मानते हुए गंभीरता से लिया। बीएसए कार्यालय द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण का संतोषजनक जवाब न मिलने पर सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा पूरे प्रकरण की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित की गई है। जांच पूरी होने तक निलंबित शिक्षक को उच्च प्राथमिक विद्यालय रीठ से संबद्ध किया गया है और शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




