
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की महापौर रितु तावड़े से मंगलवार को बीएमसी मुख्यालय में बांद्रा हिंदू एसोसिएशन स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सदिच्छा भेंट की। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साह और शहर के कामकाज को लेकर उनकी जिज्ञासा देखने को मिली। भेंट के दौरान महापौर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शहर के कार्यों को समझने की जो उत्सुकता है, वह सराहनीय है। महापौर ने विद्यार्थियों को मुंबई महानगरपालिका के कामकाज, शहर के विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, पायाभूत सुविधाओं तथा नागरिकों के लिए चलाए जा रहे विभिन्न उपक्रमों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संदेश भी दिया। विद्यार्थियों के सवाल, उनके विचार और शहर के प्रति जागरूकता को देखकर महापौर ने विश्वास जताया कि मुंबई का भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल है।




