
मुंबई। माटुंगा पुलिस ने एक ऑनलाइन ईमेल स्पूफिंग घोटाले का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यवसायी महिला को लाखों का चूना लगाने वाले नाइजीरियाई आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान एडोल्फस उचे ओनुमा के रूप में हुई है। उसे नवी मुंबई के खारघर इलाके से पकड़ा गया और अदालत ने उसे छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। घटना की शुरुआत तब हुई जब माटुंगा क्षेत्र में रहने वाली एक रासायनिक व्यापारी महिला को 26 जनवरी को एक अज्ञात ईमेल मिला, जिसमें यू.के. में रसायनों के निर्यात पर भारी लाभ का झांसा दिया गया था। आरोपी ने खुद को एक विदेशी व्यापारी बताकर महिला को फर्जी व्यावसायिक विवरणों से विश्वास में लिया और राम ट्रेडर्स नामक एक कथित कंपनी के माध्यम से 3 लाख रूपए का ऑर्डर दिलवाया।
पीड़िता ने आरोपित बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए, लेकिन वादा किया गया रासायनिक पार्सल कभी नहीं आया। जब महिला को धोखाधड़ी का संदेह हुआ, तो उसने यू.के. और भारत की कथित कंपनियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के अस्तित्व को नकारा गया। महिला ने माटुंगा पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अनिल परसाकर, पुलिस उपायुक्त रागसुधा आर., वरिष्ठ निरीक्षक राजेंद्र पवार, और साइबर सेल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छानबीन शुरू की और आखिरकार आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में ओनुमा ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में सामने आया कि आरोपी और उसका गिरोह न केवल मुंबई, बल्कि आंध्र प्रदेश के मुदिनेपल्ली और गुजरात के चांगोदर में भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी में लिप्त रहा है। पुलिस ने इस घोटाले में अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने नागरिकों से ऑनलाइन लेन-देन में सतर्कता बरतने और अज्ञात स्रोतों से प्राप्त प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की है।




