Friday, March 14, 2025
Google search engine
HomeUncategorizedहरियाणा के पानीपत में बनेगा ‘मराठा शौर्य स्मारक’, महाराष्ट्र सरकार ने दी...

हरियाणा के पानीपत में बनेगा ‘मराठा शौर्य स्मारक’, महाराष्ट्र सरकार ने दी मंजूरी

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने ऐतिहासिक पानीपत युद्ध में मराठा योद्धाओं के पराक्रम को सम्मानित करने के लिए हरियाणा के पानीपत में ‘मराठा शौर्य स्मारक’ बनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठा शौर्य दिवस के अवसर पर इसकी घोषणा की थी, जिसके बाद अब शासन आदेश जारी कर दिया गया है।
काला अंब क्षेत्र में बनेगा स्मारक
महाराष्ट्र सरकार के प्रोटोकॉल और विपणन मंत्री जयकुमार रावल ने जानकारी दी कि यह स्मारक पानीपत के ऐतिहासिक ‘काला अंब’ क्षेत्र में बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इस स्मारक में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, साथ ही एक संग्रहालय, दृश्य-श्रव्य प्रदर्शनी और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। महाराष्ट्र पर्यटन विकास विभाग इस परियोजना के लिए नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा, जबकि मंत्री जयकुमार रावल स्वयं हरियाणा सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
मराठा वीरों को श्रद्धांजलि
1761 में पानीपत की ऐतिहासिक लड़ाई में मराठा योद्धाओं ने अहमद शाह अब्दाली के विरुद्ध वीरतापूर्वक संघर्ष किया था। इस युद्ध में मराठा साम्राज्य को अपार क्षति उठानी पड़ी, लेकिन यह लड़ाई त्याग, बलिदान, राष्ट्रप्रेम और समर्पण का प्रतीक बन गई। मंत्री रावल ने कहा, मराठा साम्राज्य के वीर योद्धाओं ने अटक से कटक तक हिंदवी स्वराज्य का परचम लहराया था। यह स्मारक उनके बलिदान को नमन करने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। इस परियोजना के माध्यम से महाराष्ट्र सरकार मराठा साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास को उजागर करने के लिए कई योजनाएं चलाएगी। इस स्मारक के निर्माण से पानीपत के ऐतिहासिक महत्व को और बल मिलेगा, साथ ही आने वाली पीढ़ियां मराठा वीरों की गाथा से प्रेरणा ले सकेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments