
पुणे। जातिगत भेदभाव के कारण एक प्रेम कहानी खौफनाक मोड़ पर पहुंच गई, जब प्रेमी ने गर्भवती प्रेमिका से शादी करने से इंकार कर दिया। इस पूरे मामले ने पडेगांव के छावनी पुलिस थाने के क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी युवक सागर दिलीप बेलकर के खिलाफ बलात्कार और अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय पीड़िता की मुलाकात सागर से करीब दो साल पहले हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इस दौरान सागर ने लड़की से शादी का वादा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जनवरी 2025 में जब लड़की ने शादी की बात की, तो सागर ने वादा किया कि वह जल्द ही उससे विवाह करेगा। लेकिन कुछ समय बाद लड़की को पता चला कि वह गर्भवती है। पीड़िता ने जब इस बात की जानकारी सागर को दी और शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने जाति का हवाला देते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। रविवार को गर्भवती लड़की की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बावजूद आरोपी ने उससे कोई संपर्क नहीं किया। हताश और पीड़ित लड़की ने आखिरकार साहस जुटाकर कैंटोनमेंट थाने के प्रभारी डॉ. विवेक जाधव से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सागर दिलीप बेलकर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस निरीक्षक डॉ. जाधव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने लड़की को झूठे वादों से बहकाकर संबंध बनाए और बाद में जातिगत आधार पर विवाह से इंकार किया। मामला वर्तमान में गंभीर अपराध की श्रेणी में दर्ज कर आगे की जांच जारी है।