
कटिहार। बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। भीड़भाड़ और सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला कटिहार शहर के न्यू मार्केट इलाके का है, जहां चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान से करीब 26.9 लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए। यह इलाका टाउन थाना क्षेत्र में आता है और यहां रात में पुलिस गश्त भी रहती है, इसके बावजूद वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना बुधवार रात करीब 2 बजे हुई। बदमाशों ने न्यू मार्केट स्थित वर्मा ज्वेलर्स का ताला तोड़कर करीब 8 किलो चांदी, 16 ग्राम सोने के गहने और 3.7 ग्राम शुद्ध सोना चुरा लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 26.9 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा चोरों ने पास ही स्थित कपड़ों की दुकान गौरव वस्त्रालय को भी निशाना बनाया और वहां से भी सामान चोरी किया। बुधवार सुबह जब दुकानदार बाजार पहुंचे तो टूटी हुई शटर देखकर घटना का पता चला। इसके बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एसडीपीओ सदर-1 की निगरानी में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी चौधरी ने रात की गश्त में लापरवाही बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को गश्त की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन वे मौके पर मौजूद नहीं थे और उन्होंने अपनी अनुपस्थिति की सूचना भी थाना प्रभारी को नहीं दी थी। पीड़ित ज्वेलरी दुकान के मालिक शिवम कुमार वर्मा ने कहा कि यह इलाका कटिहार के सबसे व्यस्त और सुरक्षित व्यावसायिक क्षेत्रों में गिना जाता है, इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी होना चिंता का विषय है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने निष्पक्ष जांच, जल्द गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है।




