Sunday, March 22, 2026
Google search engine
HomeCrimeमुंबई में एटीएस का बड़ा ऑपरेशन: संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़

मुंबई में एटीएस का बड़ा ऑपरेशन: संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़

मुंबई। एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने मुंबई में सक्रिय एक संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मानखुर्द इलाके से तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 22 लाख रुपये मूल्य की 110 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए मोटरसाइकिल और कारों का रणनीतिक रूप से इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पहले मोटरसाइकिल से इलाके की रेकी और निगरानी करते थे। जब उन्हें यह भरोसा हो जाता था कि स्थिति सुरक्षित है, तब कार के जरिए ड्रग्स की खेप मंगवाई जाती थी। इसके बाद छोटी-छोटी मात्रा में नशीले पदार्थ मोटरसाइकिल से ग्राहकों तक पहुंचाए जाते थे, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। एटीएस और क्राइम डिटेक्शन यूनिट की टीम 21 जनवरी 2026 की रात गश्त पर थी। तड़के करीब 4:30 बजे, मानखुर्द की पीएमजीपी कॉलोनी के पास एक होंडा सिटी कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में नजर आईं। पुलिस को देखते ही दोनों वाहन अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे, लेकिन टीमों ने तुरंत इलाके को घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार से अब्दुल करीम बुरा खान (33) के पास से 110 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार मोहम्मद फैजान इरफान खान (23) और अजीमुद्दीन शहादत अली कुडालाकर (51) ड्रग सप्लाई पर नजर रखने और संभावित डिलीवरी के लिए कार के साथ चल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोबाइल फोन के जरिए ड्रग्स के ऑर्डर लेते थे। इस नेटवर्क में इस्तेमाल किए गए कोडवर्ड्स की जांच की जा रही है। पुलिस को जब्त किए गए मोबाइल फोन से ड्रग रैकेट से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। ड्रग्स, दोनों वाहन और मोबाइल फोन को सील कर जब्त कर लिया गया है। मानखुर्द पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। एटीएस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से मुंबई के पूर्वी उपनगरों में सक्रिय ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। अब पुलिस इस रैकेट से जुड़े सप्लायर, फाइनेंसर और खरीदारों की तलाश में जुट गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments